एसजीपीजीआई प्रशासन ने नर्सिंग आफिसर भर्ती परीक्षा में हुई धांधली मामले में दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी सप्ताहभर में अपनी रिपोर्ट देगी। संबंधित परीक्षा केंद्र की कॉपियां भी अलग करा दी गई है।
एसजीपीजीआई में नर्सिंग आफिसर के 280 पद के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसके लिए करीब 40 हजार से ज्यादा अभ्यार्थियों ने आवेदन किए। प्रदेश के 120 सेंटरों पर मंगलवार को परीक्षा आयोजित की गई थी। सीतापुर के लहरपुर स्थित परीक्षा केंद्र में कुछ परीक्षार्थियों के पास परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के जवाब से जुड़े पत्र मिले।
ये भी पढ़ें - अखिलेश यादव का बड़ा ऑफर... 'सौ विधायक लाओ, सरकार बनाओ!' केशव मौर्य से जोड़कर देखा जा रहा बयान
ये भी पढ़ें - मुजफ्फरनगर पुलिस के फरमान को अखिलेश ने बताया सामाजिक अपराध, बोले- कोर्ट संज्ञान ले और कार्रवाई करे
इस मामले में पुलिस 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दूसरी तरफ एसजीपीजीआई प्रशासन की ओर से भी दो सदस्यीय जांच कमेटी बना दी गई है। सूत्रों के मुताबिक कमेटी को परीक्षा प्रश्न पत्र को अपलोड करने से लेकर उसके खुलने के तरीके, प्रश्न पत्र तैयार करते समय बरती गई सावधानी आदि की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
यह कमेटी पुलिस की जांच रिपोर्ट को भी अपनी रिपोर्ट में शामिल करेगी। यह भी देखा जाएगा कि जिन सवालों के जवाब मिले हैं, उनमें से कितने प्रश्न पत्र में शामिल थे। इस संबंध में एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो आरके धीमान का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। अभी तक सिर्फ एक सेंटर में गड़बड़ी की सूचना मिली है।