चिकित्सा क्षेत्र में यूपी को ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए सरकारी क्षेत्र में दो नई मेडिकल यूनिवर्सिटी खोली जाएंगी। इसकी अनुमति राज्य सरकार से मिल चुकी है।
केजीएमयू की तर्ज पर इन यूनिवर्सिटी को नोएडा में विकसित करने की सरकार की योजना है। इन यूनिवर्सिटी के बनने से नोएडा को आर्थिक राजधानी के साथ चिकित्सा का भी हब बनाने में मदद मिलेगी।
केजीएमयू के ओरल मेडिसिन एंड रेडियोलॉजी विभाग की नेशनल कॉन्फ्रेंस में शुक्रवार को यह जानकारी विशिष्ट अतिथि व प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा जेपी शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि यूपी में चिकित्सा एवं शिक्षा दो सबसे महत्वपूर्ण हिस्से हैं। हमारी कोशिश है कि इन पर प्रभावी तरीके से काम हो।
हमने छह महीने के अंतराल में एमबीबीएस की 500 सीटें बढ़ाईं, तीन नए मेडिकल कॉलेज खोले। उन्होंने कहा कि केजीएमयू ने इलाज और शोध की दिशा में बेहतर काम किया है।
अब यूपी सरकार ने दो नई मेडिकल यूनिवर्सिटी खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। नोएडा में खुलने वाली इन दोनों ही मेडिकल यूनिवर्सिटी में उच्चस्तरीय शोध किया जाएगा।
नोएडा में पहले ही सुपर स्पेशियलिटी इलाज के लिए कैंसर हॉस्पिटल खोले जाने पर काम शुरू हो गया है। लखनऊ में भी एक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।
उनका कहना था कि पहली बार सरकार ने प्राइवेट क्षेत्र को स्वास्थ्य सेक्टर में आमंत्रित किया है। इससे स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने में काफी मदद मिलेगी।