लखनऊ विवि के छात्र यशार्थ प्रकाश श्रीवास्तव और रेखा कुमारी को मिला एक एक लाख का पुरस्कार।
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के दो छात्रों ने सैमसंग इंडिया के कौशल विकास कार्यक्रम सैमसंग इनोवेशन कैंपस में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बीसीए की छात्रा रेखा ने बिग डाटा श्रेणी में राष्ट्रीय टॉपर का स्थान हासिल किया। वहीं, अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के छात्र यशार्थ प्रकाश श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय टॉपर्स में जगह बनाई। रेखा को उनके अभिनव प्रोजेक्ट हेल्थलिटिक्स के लिए सम्मानित किया गया।
यशार्थ प्रकाश श्रीवास्तव ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और बिग डाटा आधारित मूवी रेकमेंडेशन सिस्टम विकसित किया। दोनों विद्यार्थियों को गुरुग्राम स्थित सैमसंग इंडिया मुख्यालय में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक और स्मृति-चिह्न प्रदान किया गया। लविवि के कुलपति प्रो. जेपी सैनी और अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता एसपी सिंह ने उन्हें बधाई दी। सैनी ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में नवाचार और तकनीकी दक्षता की मजबूत परंपरा का प्रमाण है। सिंह ने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्टता, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। (माई सिटी रिपोर्टर)