लखनऊ। राजधानी में एयरपोर्ट सिटी के विकास को गति देने के लिए अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के बीच चार शहरों में आठ होटल विकसित करने का समझौता हुआ है। इनमें 2,000 से अधिक कमरे होंगे। लखनऊ में एयरपोर्ट परिसर में विवांता और जिंजर ब्रांड के दो होटल विकसित किए जाएंगे।
एयरपोर्ट प्रवक्ता के मुताबिक, इस पहल से शहर में पर्यटन, आतिथ्य और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट सिटी के तहत यात्रियों और पर्यटकों को होटल, खुदरा कारोबार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रवक्ता ने बताया कि अदाणी समूह ने सात राज्यों के आठ हवाई अड्डों पर 655 एकड़ से अधिक जमीन के विकास के लिए अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड की स्थापना की है। परियोजना के पहले चरण में मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में करीब 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र विकसित करने की योजना है। इसके लिए 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश प्रस्तावित है।
समझौते के तहत आठ होटलों में तीन ताज, दो विवांता, एक गेटवे और दो जिंजर होटल शामिल होंगे। इनका विकास अदाणी एयरपोर्ट्स करेगा, जबकि संचालन आईएचसीएल संभालेगी। परियोजना का उद्देश्य हवाई अड्डों को केवल आवागमन का केंद्र न रखकर होटल, कारोबार और मनोरंजन सुविधाओं से युक्त एकीकृत गंतव्य के रूप में विकसित करना है। इससे लखनऊ में आतिथ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की संभावना है।