सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आदमखोर कुत्तों के हमलों का शिकार हुए लोगों का दुख बांटने उनके घर पहुंचे।
जिला अस्पताल में भर्ती मासूमों अमन व अभिषेक से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेने के बाद वह सीधे पीड़ितों के गांव गुरपलिया रवाना हो गए। जहां उन्होंने कुत्तों के हमले में मारे गए मासूमों के परिवारीजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये मदद का आश्वासन दिया।
गुरपलिया गांव में सीएम आदमखोर कुत्तों के हमले में मारे गए खालिद के घर पहुंचे। उन्होंने खालिद के पिता आबिद अली व गांव के ही मृतक रहीम के पिता मोबीन से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।
इसके अलावा रहिमाबाद से रोशन लाल भी कुत्तों के हमले से घायल अपनी बेटी सावली के साथ यहां पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उससे भी हालचाल पूछ दर्द पर मरहम लगाया। आबिद अली के पुत्र खालिद (13) को गत 1 मई को आदमखोर कुत्तों ने निवाला बनाया था।
मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि ऐसे हमले भविष्य में न हों इसके लिए जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है।
मुख्यमंत्री वापस पुलिस लाइन पहुंचे तो प्रशासन ने वहां भी आदमखोर कुत्तों में अपने बच्चों को गंवाने वाले परिवारों को बुला रखा था। मुख्यमंत्री ने सभी से मुलाकात की और मदद का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर चिकित्सा व शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन, आईजी लखनऊ जोन सुजीत पांडेय, सांसद राजेश वर्मा, विधायक ज्ञान तिवारी, राकेश राठौर, रामकिशन, सुनील वर्मा, सुरेश राही, महेंद्र यादव मौजूद थे।