प्रयागराज में सोमवार को आई अपराध की बाढ़ की गाज एसएसपी पर गिरी है। 12 घंटे में हुई आधा दर्जन हत्याओं से दहली संगम नगरी को गंभीरता से लेते हुए शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया।
अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि प्रयागराज में अपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण में विफल रहने वाले पुलिस कप्तान को निलंबित किया गया है। उन्हें दोपहर में प्रयागराज के एसएसपी के पद से स्थानांतरित करते हुए डीजीपी मुख्यालय से अटैच किया गया था और देर शाम निलंबन का आदेश जारी किया गया। उनके स्थान पर एसटीएफ के एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्घ पंकज को प्रयागराज की कमान सौंपी गई है। सत्यार्थ अनिरुद्घ इससे पहले गोरखपुर में भी एसएसपी रह चुके हैं।
मालूम हो कि बीते 24 घंटों में प्रयागराज में एक तिहरा हत्याकांड, एक दंपत्ति की हत्या और एक अन्य युवक की हत्या की घटना ने विपक्ष को प्रदेश की कानून व्यवस्था पर हमला करने का मौका दे दिया था। इससे पहले कि इन घटनाओं पर विपक्ष हो हल्ला करता, मुख्यमंत्री ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसपी को ही निलंबित कर दिया।