लखनऊ। मल्लाही टोला वार्ड में मुफ्तीगंज सुगरा इमामबाड़े के पास बुधवार को आवारा कुत्तों ने दो मासूमों को काट लिया। इसकी जानकारी के बाद नगर निगम का कैटिल कैचिंग दस्ता इलाके में पहुंचा, पर उसे कोई कुत्ता नहीं मिला। टीम बृहस्पतिवार को भी इलाके में जाएगी।
स्थानीय निवासी दिलदार अली ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे उनका चार साल का भतीजे अब्बास स्कूल से लौट रहा था। तभी आवारा कुत्तों ने उसे काट लिया। वह उसे अस्पताल पहुंचे तो पड़ोस में रहने वाले मोहम्मद शीबू मिले। वह तीन साल के बेटे अबु को लेकर पहुंचे थे। सुबह करीब 11 बजे कुत्ते ने उनके बेटे के हाथ में काट लिया था। दिलदार ने बताया कि इलाके में कई आवारा कुत्ते हैं, जो आए दिन लोगों पर हमला बोलते हैं। नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि कैटिल कैचिंग दस्ता बृहस्पतिवार को फिर मौके पर भेजा जाएगा।