अलीगंज इलाके में मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद।
लखनऊ। अलीगंज स्थित केंद्रीय भवन के सामने शुक्रवार देर रात गाड़ी हटाने की बात पर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन युवक नहीं माने और पुलिस के सामने ही लात-घूंसे चलाते रहे। बाद में दोनों पक्ष से आठ लोगों को पुलिस ने पकड़ा और शांतिभंग के तहत कार्रवाई की।
सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के 2.20 मिनट के वीडियो में केंद्रीय भवन के पास शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी होती दिखी। इसके बाद दोनों पक्ष मारपीट करने लगे। रोड के दूसरी तरफ लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। कुछ ही देर में अलीगंज थाने से पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के सामने दोनों गुट मारपीट करते रहे। सिपाही और दरोगा दोनों गुटों को अलग करने में जुट गए, पर झगड़ा कर रहे युवकों को पुलिस का कोई डर नहीं दिखा।
मामला बिगड़ते देख पुलिस वालों ने मदद के लिए थाने से और फोर्स बुला ली। इसके बाद दोनों पक्षों से सैरपुर निवासी अमित कनौजिया, विकासनगर निवासी अकील, अभिषेक सिंह, अनिमेष सिंह, अलीगंज निवासी राहुल तिवारी, प्रशांत तिवारी, विवेक तिवारी और महानगर निवासी ऋषभ अग्रवाल को पकड़ कर थाने ले आई। मारपीट में कुछ युवकों को चोट भी लगी। एसीपी अलीगंज ऋषभ यादव ने बताया कि दोनों पक्षों ने कोई तहरीर नहीं दी। शांतिभंग के चलते सभी युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।