सीतापुर जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र के सरौरा कला गांव के पास शनिवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो अंतर्जनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 25-25 हज़ार का इनाम है। इनमें एक कमलापुर के सरौरा कला निवासी कल्लू और दूसरा मछरेहटा थाना के गंज गांव के मजरा हीरापुर निवासी जगदीश है।
एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि एसओजी व थाना कमलापुर की संयुक्त पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को कमलापुर थाना के सरौरा कला जंगल के पास से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से 2 तमंचा 315 बोर, 4 जिन्दा कारतूस, 02 खोखा कारतूस, 2 मोबाइल फोन, 15000 रुपये नगद बरामद हुआ है।
जगदीश उर्फ जलजीरा थाना मछरेहटा का मजारिया हिस्ट्रीशीटर भी है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त शातिर एवं अभ्यस्त किस्म के अपराधी हैं जिनके विरुद्ध पूर्व में विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत है।