रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली पर यात्रियों की सुविधा के लिए खानपान के दो नए स्टॉल बनाए जाएंगे। इसके लिए रविवार को काम शुरू कर दिया गया। एक स्टॉल प्लेटफाॅर्म नंबर एक और दूसरा प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर बनेगा, जिसका संचालन नए साल के जनवरी महीने में शुरू होने की उम्मीद है।
शहर के रेलवे स्टेशन पर तीन प्लेटफाॅर्म है, जिन पर ट्रेनें रुकती हैं। वर्तमान में प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर चार स्टॉल और प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर दो स्टॉल चल रहे हैं। इनमें एक स्टेशन एक उत्पाद का स्टॉल भी शामिल है। सभी स्टॉलों की दूरी अधिक है। ट्रेनों के ठहराव का अधिकतम समय पांच मिनट है। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन से उतर कर प्लेटफाॅर्म के स्टॉल से खानपान का सामान लेने के लिए दौड़ लगानी पड़ती है।
इसीलिए दो नए स्टॉल बनाए जा रहे हैं। प्लेटफार्म नंबर एक पर स्टॉल का ढांचा तैयार किया जाना शुरू कर दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए खानपान के दो नए स्टॉल बनाए जा रहे हैं, जिन्हें जल्द ही शुरू कराया जाएगा। इससे यात्रियों को दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।