सुल्तानपुर जिले के भदैंया भुलकी गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह कॉलेज जा रही स्कूटी सवार दो छात्राओं को बाइक सवार शोहदों ने टक्कर मार दी। इससे दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के धरौली गांव की दोनों छात्राएं सुल्तानपुर स्थित गनपत सहाय डिग्री कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं।
दोनों छात्रवृत्ति का फॉर्म जमा करने के लिए बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे स्कूटी से कॉलेज जा रही थीं। छतौना गांव के पास एक बाइक पर सवार तीन शोहदे उनकी स्कूटी के आगे-पीछे चलने लगे और भुलकी गांव के पास स्कूटी में टक्कर मार दी। दोनों छात्राएं सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गईं। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना छात्राओं के परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा को शिकायत पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि शोहदों की पहचान की कोशिश की जा रही है।