दोस्तों संग रविवार दोपहर सई नदी में नहाने उतरे दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। जबकि उनके एक साथी को मछुआरों ने बचा लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरों के शव बाहर निकलवाए।
बंथरा के नारायणपुर निवासी किसान परशुराम का बेटा मोहित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था। वह अपने दोस्त वीरू कोरी, करन रावत, रामेंद्र रावत, संदीप कोरी और शारदा के साथ ललऊ गांव के पास सई नदी के घाट पर नहाने गया था।
छह दोस्तों ने नदी किनारे अपनी साइकिल खड़ी की और कपड़े उतारकर नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान मोहित, वीरू और करन रावत तेज बहाव के साथ गहराई में पहुंच गए। उन्हें डूबता देखकर रामेंद्र, संदीप और शारदा ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इसके बाद आसपास मौजूद मछुआरों ने भी नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने करन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मोहित व वीरू को नहीं बचा सके।
इसके बाद रामेंद्र, संदीप और शारदा ने उनके घरवालों को घटना की जानकारी दी। परिवारवालों की सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद मोहित और वीरू के शव निकलवाए।