बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर हुए सड़क हादसे में दो मजदूर युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब एक बजे हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली डामर के खाली ड्रम लादकर अयोध्या से जिले के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र जा रही थी।
रामसनेहीघाट के धरौली गांव के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से में ट्रैक्टर ट्रॉली सहित मजदूर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाल कर इलाज के लिए सीएचसी रामसनेहीघाट भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला चिकित्सालय में थाना फतेहपुर के टेढ़वा गांव निवासी पुरुषोत्तम (38), बुधईनपुरवा निवासी दुजई (35) की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सफीपुर निवासी नंदलाल (38) का इलाज चल रहा है। डंपर चालक मौके से फरार हो गया पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया।