लखनऊ के मानकनगर में कनौसी पुल पर शुक्रवार देर रात उल्टी दिशा से आ रही जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत के बाद जमकर उपद्रव हुआ। घटनास्थल पर आसपास के गांव से करीब 600 लोग एकत्र हो गए और सड़क जाम कर जेसीबी तोड़फोड़ दी।
सूचना पाकर आई पुलिस ने लाठियां भांजी तो भड़की भीड़ ने पथराव कर दिया। कुछ लोगों ने उधर से गुजर रहे डीजल टैंकर और दो बाइक में आग लगा दी।
हालात बेकाबू होने की जानकारी पाकर डीआईजी और एएसपी पूर्वी मौके पर पहुंचे और कई थानों की फोर्स व पीएसी बुलवा ली। देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।
एएसपी पूर्वी रोहित मिश्रा ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला कृष्णानगर के वीआईपी रोड पर चंद्रा हॉस्पिटल के पास रहने वाले शिवशंकर का बेटा राहुल चौरसिया (24) व पारा के सदरौना निवासी उसका साथी समीर (25) है।
दोनों बिल्डरों को मौरंग-मिट्टी की सप्लाई का काम करते थे। रात करीब साढ़े नौ बजे समीर अपनी बाइक से राहुल को लेकर बाराबिरवा नहर चौराहा से पारा की तरफ जा रहा था।
रौंदते हुए निकल गई जेसीबी
कनौसी पुल पर उल्टी दिशा से आ रही जेसीबी ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों बाइक से उछलकर गिरे तो जेसीबी उन्हें रौंदते हुए निकल गई। समीर ने तुरंत दम तोड़ दिया जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी पाकर आसपास के गांवों से लोग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का नजारा देखकर लोगों का आक्रोश भड़क उठा। गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम कर आते-जाते वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। दो आटो तोड़ डाले और सवारियां उतारकर एक टेंपो पलट दिया।
सूचना पाकर मानकनगर, पारा और आलमबाग पुलिस आई और शव हटाने की कोशिश की तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ तितर-बितर करने के लिए लाठियां चलाईं तो लोग आग-बबूला हो गए। ग्रामीण पुलिस पर ही पथराव करने लगे।
इसी बीच कुछ लोगों ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डीजल टैंकर में आग लगा दी। तीन बाइकें भी फूंक दी गईं। उपद्रव की जानकारी पाकर डीआईजी व प्रभारी एसएसपी आरके चतुर्वेदी, एएसपी पूर्वी के साथ ही आलमबाग, कैंट, कृष्णानगर सीओ और आठ थानों की फोर्स कनौसी पुल पहुंच गई।
डीआईजी ने लोगों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर जाम समाप्त हुआ। रात करीब 12 बजे शव हटवाकर इस रूट पर यातायात चालू कराया गया।