अंबेडकरनगर के महरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुखारीगंज बाजार के पास शनिवार सुबह हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ट्रक ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे जाकर पलट गए। हादसे में ट्रक चालक समेत एक मजदूर की मौत हो गई।
ट्रक चालक शिव मोहन (35) की मौके पर मौत हो गई जबकि क्लीनर श्यामवीर (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर चालक अंगद वर्मा को भी चोटें आईं लेकिन ट्रैक्टर सवार मजदूर हेमराज (40) की मौत हो गई।
दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रक आलू लेकर फर्रुखाबाद से जलालपुर जा रहा था जबकि ट्रैक्टर पर मौरंग लदी हुई थी। घटना के बाद ट्रक में फंसे चालक को निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों को सूचित किया गया है।