लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मदनपुर के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती और उनके दो बच्चों को रौंद दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल पति और दोनों बच्चों को एसडीएम लंभुआ अपने सरकारी वाहन से लेकर जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां चिकित्सक ने पति को भी मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल बच्चों को देखने के लिए डीएम अस्पताल पहुंचे। सीएमओ ने घायल बच्चों का उपचार किया। पुलिस ने मृतक के भतीजे की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
जौनपुर जिले के खुटहन कोतवाली क्षेत्र के रामनगर किलकिछा निवासी संत लाल निषाद (35) अपनी पत्नी किस्मती (32) और बेटा बल्लू (5) व बेटी अंशिका (2) को बाइक पर बैठाकर सोमवार को शाहपुर हरिवंश गांव रिश्तेदारी जाने के लिए निकले थे। वे लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर बाजार के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार ट्रक बाइक को रौंदते हुए आगे निकल गया। ट्रक में बाइक, दंपती व बच्चे फंस गए। करीब 50 मीटर जाने के बाद ट्रक चालक वाहन खड़ा कर फरार हो गया।
हादसे के वक्त रास्ते से गुजर रहीं लंभुआ एसडीएम वंदना पांडेय दुर्घटना स्थल पर रुक गईं। इस बीच किस्मती की मौत हो चुकी थी, जबकि संतलाल निषाद और उनके दोनों बच्चे घायल पड़े थे। एसडीएम अपने सरकारी वाहन से घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गईं। जिला अस्पताल पहुंचने पर संतलाल ने दम तोड़ दिया। एसडीएम की सूचना पर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता भी अस्पताल पहुंच गए। डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी, सीएमएस डॉ. एसके गोयल अस्पताल में घायलों के पास पहुंच गए।
सीएमओ ने घायल बच्चों की जांच कर आवश्यक दवाएं देने को कहा। इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक में फंसने से दंपती के पूरे शरीर पर गंभीर चोटेँ आई थीं। मृतक के भतीजे हरेंद्र निषाद की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।