- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं, बिसरा सुरक्षित
- अस्पताल से तलब की गई मरीज के इलाज से जुड़े दस्तावेज
लखनऊ। कृष्णानगर स्थित निजी अस्पताल में गर्भवती की मौत के मामले में पुलिस ने सीएमओ को पत्र भेजकर एक्सपर्ट की राय मांगी है। अफसरों ने दो मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाई है। साथ ही मरीज के इलाज से संबंधित रिकाॅर्ड तलब किए गए हैं। वहीं गर्भवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने से बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
कृष्णानगर केसरीखेड़ा लक्ष्मीनगर निवासी बैंक मैनेजर विकास पत्नी इंदु को प्रसव पीड़ा होने पर राज अर्चना हॉस्पिटल ले गए थे। उनका आरोप था कि सिजेरियन ऑपरेशन से पहले उनकी पत्नी को बेहोशी की दवा की ओवरडोज दे दी गई थी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। मामला बिगड़ता देख अस्पताल ने मरीज को बड़े कॉरपोरेट हॉस्पिटल भेज दिया। वहां पहुंचते-पहुंचते उसकी मौत हो गई। पति ने थाने में तहरीर देने संग पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत की वजह साफ न होने से हार्ट व बिसरा सुरक्षित रखा गया है।सीएमओ की टीम मामले की जांच करके रिपोर्ट देगी। नर्सिंग होम के नोडल अफसर डॉ. एपी सिंह के मुताबिक, मामले की जांच होगी। अस्पताल से मरीज के इलाज से जुड़े दस्तावेज तलब किए गए हैं। जांच में लापरवाही सामने आने पर मुकदमा दर्ज कराने की संस्तुति होगी।