हादसे का दृश्य व (इनसेट में) बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : amar ujala
बहन के घर से एक ही बाइक पर वापस लौट रहे तीन भाईयों में से दो की बाइक के पेड़ से टकराने के बाद दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीसरा भाई जिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने मृत दोनों भाईयों के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवारीजनों को सौंप दिया है।
असंद्रा थाना क्षेत्र के पूरे चंद्रमन गांव निवासी राहुल (25) पुत्र केशव राम अपने दो सगे भाइयों रोहित (22) व अंशु (14) के साथ गुरुवार शाम अपने बहनोई सतरिख थाना क्षेत्र के चकसार गांव निवासी पिंकू के यहां गया था।
तीनों भाई शुक्रवार की सुबह एक बाइक पर सवार होकर वापस घर जा रहे थे। तभी कोठी थाना क्षेत्र में हैदरगढ़ मार्ग पर मवैया गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर कटहल के पेड़ से टकरा गई। जिसमें अंशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल व रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया जहां राहुल की भी मौत हो गई। जबकि रोहित की हालत नाजुक बताई जा रही है।
तीन भाईयों में दो की मौत से घर में कोहराम
राहुल, रोहित व अंशु तीन सगे भाई थे। रिश्ते में भाई होने के साथ ही ये काफी अच्छे दोस्त भी थे और हमेशा एक साथ ही रहते थे। एक ही परिवार में दो भाईयों की मौत से कोहराम मच गया है।