लखनऊ। विधान परिषद की लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीट के लिए नामांकन के चार दिन बीत जाने के बाद भी प्रमुख राजनीतिक दलों के घोषित प्रत्याशियों ने अभी तक नामांकन दाखिल नहीं किए हैं। ऐसे अधिकतर प्रत्याशी सोमवार को अपना नामांकन करा सकते हैं।
भाजपा ने स्नातक सीट से मौजूदा एमएलसी अवनीश कुमार सिंह और शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी को फिर प्रत्याशी बनाया है। सपा ने स्नातक से कांति सिंह और शिक्षक से सुशील कुमार पटेल को टिकट दिया है। दोनों दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जरूर लिया है, लेकिन अब तक पर्चा दाखिल नहीं किया। सपा लखनऊ महानगर के महासचिव गौरव सिंह यादव ने बताया पार्टी के ओर से लखनऊ की दोनों सीटों के लिए घोषित प्रत्याशी सोमवार को 12 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
छह अक्तूबर तक मौका
नामांकन छह अक्तूबर तक होगा। सात अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच और नौ अक्तूबर को नाम वापसी होगी। दोनों सीटों के लिए 23 अक्तूबर को मतदान और 27 अक्तूबर को मतगणना होगी।