फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनिया ने गंगा बुआ के घर खाया बिस्कुट, पिया पानी!

Wed, 03 Sep 2014 11:00 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान झकरासी गांव में रहने वाली गंगा बुआ के घर जाकर न सिर्फ उनके दुख-दर्द सुने, बल्कि तख्त पर बैठकर कुछ वक्त भी बिताया।
विज्ञापन


इस दौरान अशोक चौरसिया ने कटोरी में बिस्कुट लाकर रखा। सोनिया ने बिस्कुट खाकर एक गिलास पानी भी पिया।

गंगा बुआ ने गांव में बिजली की समस्या ठीक कराए जाने की मांग की।

सोनिया ने एसपी को दिया आदेश

अपने संसदीय क्षेत्र में ही ड्रीम प्रोजेक्ट अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निर्माण में हो रही बेवजह देरी पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सख्त नाराजगी जताई है।

मंगलवार को जमीनी हकीकत देखने एम्स निर्माण स्थल पर पहुंचीं सोनिया निर्माण की धीमी गति से असंतुष्ट नजर आईं।

उन्होंने कहा कि वह एम्स के कार्य में तेजी लाने की कोशिश करेंगी, साथ ही केंद्र सरकार से बात कर जल्द ओपीडी शुरू कराएंगी।

कांग्रेस सुप्रीमो एम्स के नाकाफी सुरक्षा इंतजाम देख बिफरीं और एसपी से चौकी स्थापित कराने के लिए कहा।

गांव-गांव घूमीं सोनिया

इससे पहले सोनिया ने कई गांवों का भ्रमण किया। गांवों में चौपाल लगाई और आम जनता के दुख-दर्द सुने। सनही में सौर ऊर्जा आधारित मिनी पेयजल योजना का लोकार्पण किया।

अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन सोनिया भुएमऊ गेस्ट हाउस में सुबह आम जनता से मुलाकात करके दोपहर बाद राही के सनही गांव पहुंचीं। यहां पर उन्होंने सौर ऊर्जा आधारित मिनी पेयजल योजना का लोकार्पण किया। सोनिया ने टोटी से पानी चलाकर भी देखा।

यहां के बाद कई स्थानों पर रुकते-रुकते उनका काफिला शहर से पांच किमी दूर दरियापुर स्थित एम्स पहुंचा। उन्होंने करीब 20 मिनट तक बारीकी से एम्स का निरीक्षण किया।

श्रमिक रामदीन, केदार के नाम पते की जानकारी लेने के साथ ही यह भी पूछा कि यहां पर कोई समस्या तो नहीं है। श्रमिकों ने जवाब दिया कि असुरक्षा की भावना रहती है। कुछ दिन पहले एम्स में मारपीट और तोड़फोड़ के बारे में भी बताया। सोनिया ने कहा कि वह सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करवाने का प्रयास करेंगी।

एसपी को बुलाकर किये सवाल-जवाब

एम्स के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और हाल में हुई रंगदारी मांगने की घटनाओं पर मीडिया के सवाल करने पर सोनिया ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं है। सोनिया ने कहा कि एसपी से एम्स में चौकी स्थापित कराने की बात कही गई है।

सोमवार की रात सोनिया ने एसपी को भुएमऊ गेस्ट हाउस में बुलाकर एम्स की सुरक्षा को लेकर सवाल-जवाब किए थे। सोनिया ने कहा कि एम्स में कार्य धीमा चल रहा है। बीच में कुछ गड़बड़ भी हुई, लेकिन इसमें जल्द तेजी लाई जाएगी।

ओपीडी खुलने के बावजूद इसकी शुरुआत न होने के सवाल पर सोनिया ने दो टूक कहा कि इसके लिए वह केंद्र सरकार से बात करेंगी, ताकि यहां के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।

एम्स से निकल कर सोनिया का काफिला मधुपुरी और यहां के बाद जिला मुख्यालय होते हुए फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
विज्ञापन

अस्थायी चौकी बनी, कार्यदायी संस्था को सुरक्षा

एसपी एन कोलांची ने बताया कि सांसद सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद एम्स में अस्थायी पुलिस चौकी की स्थापना कर दी गई है। स्थायी पुलिस चौकी के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।

यही नहीं कार्यदायी संस्था में काम करने वाले अधिकारियों, ठेकेदारों को सुरक्षा मुहैया करा दी गई है। उन्होंने बताया कि अस्थायी चौकी में एक दरोगा और चार सिपाहियों की तैनाती कर दी गई है।

एम्स के निर्माण कार्य में किसी भी तरह से अराजकतत्वों की मनमानी नहीं होने दी जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें