व्यापारियों के साथ बैठक में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी।
- फोटो : amar ujala
केंद्रीय महिला बाल विकास एवं पुष्टाहार/वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन अमेठी में बंद पड़े कल-कारखानों को पटरी पर लाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने बीएचईएल गेस्ट हाउस में उद्यमियों के साथ बैठक कर लघु, सूक्ष्म एवं कुटीर उद्योगों के विषय की जानकारी हासिल की। साथ ही उद्यमियों से उद्योगों को बढ़ावा देने का खाका तैयार करने को कहा। उद्यमियों ने भी केंद्रीय मंत्री से अपनी दिक्कतें भी साझा कीं।
उद्यमियों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बैंकों को शासन के मंशानुरूप कार्य करना होगा। उद्यमियों ने यूपीएसआईडीसी की खस्ताहाल सड़कों सहित अन्य दिक्कतों से उन्हें अवगत कराया। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में जर्जर विद्युत तार, बिजली कटौती का मुद्दा भी उठा। बैठक से बाहर आए उद्यमियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने उनकी समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिलाया है।
मंत्री ने उद्यमियों से कहा कि अमेठी में अलग से इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जाएगा। व्यापारियों की दिक्कतें दूर करने के लिए बैंकों के अलग से कैंप लगवाए जाएंगे। पुराने उद्यमियों को फैक्टरी चलाने में हर संभव सहयोग किया जाएगा। नई ईकाइयों को लगाने के लिए ऋण दिलवाया जाएगा। केंद्र और राज्य के कैबिनेट तथा राज्य के मंत्रियों को अमेठी में आमंत्रित कर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सहयोग लिया जाएगा। स्थानीय लोगों को रोजगार मुहैया कराने की कोशिश भी होगी।