बख्शी का तालाब। इटौंजा के शार्प ग्लोबल स्कूल की बस में शनिवार को आग लगने से तीन बच्चे झुलस गए थे। इसके बाद परिवहन विभाग ने स्कूल के 17 में से 13 वाहन सीज कर दिए थे। इससे बच्चों को लाने-ले जाने की व्यवस्था पर असर पड़ने से स्कूल में दो दिन छुट्टी कर दी गई है।
प्रबंधन ने बच्चों के अभिभावकों को मेसेज भेजा कि 21 और 23 सितंबर की परीक्षाएं स्थगित की जाती हैं। अब ये परीक्षाएं 29 और 30 सितंबर को होगी। स्कूल के वाहन सीज किए जाने के बाद प्रिंसिपल वीडी तिवारी ने अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने की व्यवस्था खुद करने के लिए कहा है।
उधर, अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की सख्ती का असर इटौंजा, महोना, माल रोड़ के साथ महिंगवा और बख्शी का तालाब के स्कूलों में दिखा। सोमवार को कई अभिभावक बच्चों को बाइक, ई रिक्शा से स्कूल छोड़ने आए। कई बच्चे बाइक, स्कूटी से स्कूल पहुंचे।
महोना में मार्डन एकेडमी 12 वैन बच्चों को लाने-ले जाने के काम में लगी थीं। सोमवार को इनके न पहुंचने पर अभिभावकों को बच्चों को छोड़ना पड़ा। इटौंजा-कुम्हरावा रोड किनारे स्थित वरदान एकेडमी में बच्चों को चोरी छिपे गैर पंजीकृत वैन और ई रिक्शा से भेजा गया।