मुठभेड़ में दो चेन लुटेरे गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
लखनऊ। गोमतीनगर में सहारा सिटी के पास मंगलवार देर रात लूट के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए। चेकिंग के दौरान पुलिस ने रोका तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के पास से दो तमंचे, बिना नंबर प्लेट की बाइक और लूट की चेन बरामद की है। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के मुताबिक आरोपियों की पहचान महिगवां के सुशील उर्फ बउआ और सीतापुर के कमलापुर निवासी सतीश गौतम के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट और चोरी के 24 से अधिक केस दर्ज हैं।
आरोपियों ने सोमवार की रात 8:30 बजे गोमतीनगर के विरामखंड निवासी टीसीएस कंपनी के टेक्नीशियन अवनीश कटियार से चेन लूट की घटना स्वीकार की है। इसका मुकदमा मंगलवार को दर्ज हुआ। अवनीश मूलरूप से लखीमपुर खीरी के खमरिया के रहने वाले हैं। (संवाद)