मऊ जिले से अयोध्या के एक संस्कृत महाविद्यालय में पढ़ने आई छात्रा को कमरा दिलाने के बहाने एक प्रापर्टी डीलर ने हवस का शिकार बनाने लगा। उसे धमकी देकर तीन माह से उसके कमरे में ही दुराचार करता रहा।
घर से भाई-बहन मिलने आए तो भी छात्रा को गुरुवार सुबह धमकाने लगा, किसी तरह हिम्मत जुटाकर छात्रा ने आपबीती सुनाई। इसके बाद उसने हेल्प लाइन 1090 पर फोन कर पुलिस बुला युवक को गिरफ्तार कराने का साहस दिखाया। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छात्रा का मेडिकल भी कराया है।
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव रहने वाली युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि 14 मई 2015 को वह शास्त्री द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने त्रिदंडदेव संस्कृत महाविद्यालय रामकोट में आई थी।
महाविद्यालय में परीक्षा कक्ष की तलाश के दौरान सर्वेश कुमार यादव निवासी ग्राम सिधौरी थाना सफदरगंज जिला बाराबंकी वर्तमान पता हनुमान गुफा अयोध्या मिला। वह यहां प्रापर्टी का काम करता है, बातचीत में पढ़ाई को लेकर आवास की समस्या पर सर्वेश ने उसे अहिराना निवासी ऊषा उपाध्याय के आवास पर किराए पर कमरा दिलवाया।
लगातार करता रहा दुराचार
इसके बाद वह प्राय: कमरे पर आने लगा और उसके साथ जबरन दुराचार करने लगा। विरोध करती तो उसे जान से मारने की धमकी देता था।
कहा कि गुरुवार को भाई व बहन गांव से आए, तो सर्वेश उन्हें भी जान से मारने की धमकी देने लगा। हिम्मत जुटाकर उसने महिला हेल्प लाइन 1090 पर फोन कर पूरी दास्तान बताई और पुलिस को बुलाया।
कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि सर्वेश मकान मालिक को पति-पत्नी बताकर तीन माह से कमरा लेकर रह रहा था। वह विवाहित है, और उसके दो बच्चे भी हैं। युवती की तहरीर पर धारा 376, 342, 506 भादवि के तहत रिपोर्ट दर्ज कर सर्वेश को गिरफ्तार कर मेडिकल करा जेल भेज दिया गया है। युवती का मेडिकल कराया जा रहा है।
किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास
वहीं बीकापुर कोतवाली अंतर्गत कोछा बाजार क्षेत्र के एक किशोरी को कथित रूप से चाकू की नोक पर दिनभर बंधक बनाने और उसके साथ अश्लील हरकत करने का मामले में पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पूरे दिन थाने में पंचायत होती रही।
घटना दो दिन पहले की बताई जाती है। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली में बुला देर शाम तक पंचायत के द्वारा मामला रफा दफा करने की बात रणनीति पर रही। कोतवाल ने कहा कि मामला सही पाए जाने पर ही रिपोर्ट दर्ज होगी।
बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह नित्यक्रिया को निकली कक्षा 11 की छात्रा को पड़ोसी गांव के दो लोग चाकू के बल पर अपने घर उठा ले गए। मामले की सूचना पर रात में पुलिस ने गांव जाकर शंका के आधार पर छापा मारकर लड़की को बरामद किया।
लेकिन बाद में दबाव पड़ने पर पुलिस मामले को सुलझाने में लग गई। रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पीड़ित पक्ष सुबह से थाने में है। लड़की के मामा ने कहा कि आरोपी पक्ष से बात चल रही है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है जांच की जा रही है। मामला सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।