चाैपटिया में इसी घर में मिला दोनों भाइयों का शव।
लखनऊ। सआदतगंज के चौपटिया पावर हाउस के पास मंगलवार देर रात बंद मकान में बुजुर्ग दो सगे भाई राजू पाहवा (62) और रवि पाहवा (58) के शव मिले। मकान से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने बहन को सूचना दी। पुलिस दरवाजा तोड़कर घर के अंदर पहुंची तो वहां कबाड़ का ढेर लगा था। राजू का शव कबाड़ के ढेर पर, जबकि रवि का शव कमरे में पड़ा था। पुलिस का दावा है कि दोनों भाइयों की मौत बीमारी के कारण हुई है।
इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष आर्य के मुताबिक कृष्णानगर के केसरीखेड़ा निवासी मृतकों की बहन बेबी ने बताया कि घर में सिर्फ दोनों भाई ही रहते थे। दोनों ही मानसिक रूप से बीमार थे। रवि की पत्नी का 30 साल पहले अलगाव हो गया था। राजू अविवाहित थे। रविवार को राजू को दस्त और बुखार था तो वो दवा दिलाकर लाई थीं। रवि को भी बुखार की शिकायत थी। भाइयों को कुत्तों से काफी लगाव था। इसलिए कई कुत्ते उनके साथ ही रहते थे।
मंगलवार रात मोहल्ले के लोगों को घर से दुर्गंध का एहसास हुआ तो खबर बेबी को दी गई। कुछ ही देर में बेबी व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखने पर दोनों भाइयों के शव मिले। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव एक दिन पुराने लग रहे थे। उन पर कोई चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए। ऐसा लग रहा है कि दोनों की मौत बीमारी की वजह से हुई है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। दोनों के हार्ट व विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।
बीमारी के कारण घर से नहीं निकलते थे दोनों
राजू और रवि दोनों कबाड़ का काम करते थे। मोहल्ले वालों ने बताया कि दोनों भाई बीमार रहने लगे थे और घर से ज्यादा नहीं निकलते थे। मोहल्ले के लोग अक्सर दोनों भाइयों को खाने-पीने का सामान दे दिया करते थे। मंगलवार दोपहर पड़ोसी विजय दोनों का हालचाल लेने गए थे, उस वक्त दोनों ठीक थे।
चाैपटिया में इसी घर में मिला दोनों भाइयों का शव।