तीन महिलाओं से लूट में दो पकड़े गए
लखनऊ। जानकीपुरम इलाके में तीन महिलाओं से बाली व चेन लूटने वाले आरोपी दुबग्गा निवासी कल्लू उर्फ राजू और 16 साल के किशोर को पुलिस ने शुक्रवार को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शौक पूरा करने के लिए लूट करते थे। पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे। पुलिस ने लूटी गई बाली, टूटी चेन, 3100 रुपये और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
एडीसीपी नॉर्थ जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि बृहस्पतिवार को जानकीपुरम सेक्टर-6 निवासी रीना सैनी से बाली, सेक्टर-6 निवासी शिप्रा से चेन और सेक्टर-एफ निवासी मृदुला अग्रवाल से बाइक सवार दो लुटेरे बाली लूट ले गए थे। पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने फुटेज खंगालीं तो बाइक सवार दो संदिग्ध तीनों घटनाओं में नजर आए। सर्विलांस की मदद से शुक्रवार को दोनों को पकड़ लिया। दोनों ने दस दिन पहले दुबग्गा में भी लूट की वारदात अंजाम देने की बात कबूली। एसीपी अलीगंज व्रज नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी कल्लू मौजूदा समय में इंदिरानगर के कृष्ण विहार कॉलोनी में रहता है। उसके खिलाफ इंदिरानगर, दुबग्गा, मड़ियांव और चिनहट में चोरी व लूट के 13 केस दर्ज हैं।