लखनऊ। प्राइवेट बैंक के कलेक्शन एजेंट राजाजीपुरम सपना कॉलोनी निवासी अरुण प्रताप सिंह से 19 सितंबर की रात 1.42 लाख रुपये लूट के मामले में बदमाशों को पीड़ित की जानकारी देने वाले दो आरोपियों पारा निवासी सचिन कुमार और आशू चौरसिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस चार लुटेरों सुनील चौरसिया, कृष्णा शर्मा, श्रवण कुमार और सलमान खान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह ने बताया कि अरुण प्रताप सिंह एयरटेल पेमेंट बैंक में बतौर कलेक्शन एजेंट काम करते हैं। 19 सितंबर की रात करीब आठ बजे वह कलेक्शन करके बाइक से घर जा रहे थे। बाजारखाला स्थित कल्याण मंडप के पास पीछे से एक बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और चलती बाइक से उनसे रुपयों से भरा बैग छीन ले गए। छीना-झपटी के दौरान अरुण बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरकर घायल भी हो गए थे। इस मामले में गिरफ्तार किए गए चार लुटेरों से पूछताछ में पता चला कि अरुण जिस जगह से कैश लेते थे, वहीं के कर्मचारी सचिन ने अपने साथी आशू को उनके बारे में पूरी जानकारी दी थी। इसके बाद आशू ने अरुण की रेकी और फिर लुटेरे सुनील चौरसिया, कृष्णा शर्मा, श्रवण कुमार और सलमान खान ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी सचिन व आशू के पास से लूटे गए 7250 रुपये बरामद किए हैं।