लखनऊ। बाराबंकी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने गोसाईंगंज पुलिस की मदद से रविवार रात एक किलो हेरोइन के साथ तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एसयूवी कार को भी कब्जे में लिया है।
इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने शाम करीब सात बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस से लखनऊ की ओर आने वाली सड़क पर घेराबंदी कर एसयूवी को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान एसयूवी में 1.065 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने एसयूवी सवार बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित अंसारी निवासी राज पांडेय उर्फ राजा भइया (25) और गुप्तनाथ मिश्रा उर्फ पिंटू (26) को गिरफ्तार किया। देर शाम एएनटीएफ कर्मी को तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि हेरोइन की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और इसे पहुंचाने वाले नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पूछताछ के आधार पर इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच होगी।