मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने विद्युत वितरण खंड फतेहपुर बाराबंकी में बिजली बिल के 99.62 लाख रुपये के गबन के आरोप में लेखाकार व लिपिक को बर्खास्त कर दिया है। बर्खास्तगी से पहले लेखाकार को बरेली एवं लिपिक को बाराबंकी में निलंबित करके अटैच किया गया था। यहां तैनात रहे अधिशासी अभियंता जिसकी मौजूदा तैनाती जौनपुर में है, उसके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रबंध निदेशक संजय गोयल ने बताया कि लेखाकार रजनीश कुमार एवं लिपिक सर्वेश कुमार चौधरी को बिजली बिल की वसूली गई रकम को विभाग के खाते में जमा करने के बजाय हड़पने के आरोप में बर्खास्त किया गया है।
यह प्रकरण अधिशासी अभियंता नजम अहमद की तैनाती के दौरान जुलाई 2017 का है। नजम वर्तमान में वाराणसी डिस्कॉम के जौनपुर में वितरण खंड में तैनात हैं। लेखाकार की बर्खास्तगी का आदेश परिक्षेत्रीय लेखा कार्यालय बरेली एवं लिपिक का आदेश अधिशासी अभियंता परीक्षण खंड बाराबंकी भेज दिया गया है।