लखनऊ। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजेश रंजन नाम के युवक के मुख्यमंत्री की फोटो एडिट कर अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में हजरतगंज थाने में केस दर्ज किया गया है।
एसएसआई हजरतगंज दयाशंकर द्विवेदी ने 23 जुलाई को तहरीर दी जिसमें आरोप लगाया कि राजेश रंजन नाम के युवक ने 28 जून 2022 को अपने ट्वीटर हैंडल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एडिटेड फोटो लगाकर अमर्यादित ट्वीट किया। वहीं 29 जून को अपने फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया जिसमें मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री के संबंध में टिप्पणी की। प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज अखिलेश मिश्रा के मुताबिक, केस दर्ज कर साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच की जा रही है। तहरीर में इस बात का जिक्र है कि पहले इस मामले की जानकारी होने पर साइबर क्राइम सेल प्रभारी को जांच के लिए दिया गया। इसकी जांच रिपोर्ट में कहा गया कि हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया जाए।
ट्वीटर हैंडल पर अमर्यादित टिप्पणी की जानकारी होने पर एडीसीपी क्राइम और एटीएस के एएसपी राहुल श्रीवास्तव ने भी डीजीपी कार्यालय को पत्र लिखा था। साथ में ट्वीट किए गए मैसेज का स्क्रीन शॉट भी लगाया था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके कैबिनेट के मंत्रियों के फोटो भी एडिट कर डाले गए थे।