बकाया राजस्व चुकाने के लिए दिए गए चेक बाउंस हो जाने पर शुक्रवार को पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की टीम ने तुलस्यानी ग्रुप का गोमती नगर स्थित कार्यालय सील कर दिया। एसडीएम सदर व सीओ गोमती नगर की अगुवाई में कार्रवाई को पहुंची टीम ने तुलस्यानी ग्रुप के मालिक अनिल कुमार तुलस्यानी को नोटिस जारी कर चेताया है कि यदि शीघ्र बकाया न चुकाया गया तो प्रशासन उनकी गिरफ्तारी करेगा। इसके साथ ही अन्य तहसीलों में स्थित संपत्तियों को भी सील करेगा।
एसडीएम सदर अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि बीते माह सदर तहसील में बकाया राजस्व वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान तुलस्यानी ग्रुप के मालिक अनिल कुमार तुलस्यानी को बकाया 98 लाख श्रमदेय और 55.40 लाख रेरा की धनराशि प्राप्त करने का नोटिस दिया गया था।
कंपनी के मालिक अनिल कुमार ने बकाया चुकाने के लिए दो चेक जारी कर दिए गए थे, लेकिन बैंक क्लीयरेंस के दौरान दोनों चेक बाउंस हो गए। इस पर तुलस्यानी ग्रुप के मालिक पर केस दर्ज कराते हुए पुलिस व सदर तहसील की राजस्व टीम ने शुक्रवार को कंपनी के गोमती नगर स्थित कार्यालय पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान ग्रुप के मालिक अनिल कुमार तुलस्यानी मौजूद नहीं मिले। कार्यालय में मौजूद स्टाफ ने अनुरोध के बाद भी अनिल कुमार से जांच टीम की बात नहीं कराई।