लखनऊ। कृषक एक्सप्रेस में यात्री की चार आरक्षित सीटें टीटीई ने अन्य यात्रियों को बेच दी। यात्री के शिकायत करने पर टीटीई ने तीन सीटें ही दीं। इससे यात्री को असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
मामला गाड़ी संख्या 15008 लखनऊ-वाराणसी कृषक एक्सप्रेस का है। यात्री अमित कुमार मिश्र ने सोशल मीडिया एक्स पर रेलवे से शिकायत की कि उनकी स्लीपर कोच एस-5 में चार सीटें 18, 19, 21 और 22 थीं। जब वह बोगी में पहुंचे तो उनकी सीटों पर दूसरे यात्री बैठे थे। पूछने पर बताया कि टीटीई ने चारों सीटों के लिए पैसे लिए हैं। उन्होंने शिकायत कर मदद मांगी। इसके बाद जब फटकार लगी तो टीटीई ने तीन सीटें यात्री को दीं। लेकिन एक सीट पर दूसरा यात्री ही काबिज रहा।
तेजस में कॉकरोच की शिकायत
देश की पहली कारपोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस में लखनऊ से दिल्ली तक सफर करने वाले यात्री कोच में कॉकरोच की शिकायत की। इसकी फोटो भी शेयर की गई। यात्री ने कहाकि अगर कोच में कॉकरोच है तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अफसर कितने संजीदा हैं। डीआरएम ने आईआरसीटीसी को शिकायत निस्तारित करने के लिए लिखा है।