अंबेडकरनगर जिले से धार्मिक यात्रा पर निकले छह श्रद्धालुओं को मंगलवार की भोर एक बेकाबू ट्रक ने अयोध्या मेंरौंद दिया। ये श्रद्धालु हाईवे के तिकोने डिवाइडर पर रात में सो रहे थे। अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दो श्रद्धालुओं की मौत गई है। एक की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया है जबकि तीन लोगों को श्रीराम व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक भाग गया।
अंबेडकरनगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से करीब 52 श्रद्धालुओं का जत्था एक बस से पखवारा भर पहले धार्मिक यात्रा पर निकला था। ये लोग जौनपुर के चौकिया होते हुए विंध्याचल धाम, वाराणसी, चित्रकूट, मैहर देवी दर्शन कर इलाहाबाद में संगम स्नान व दर्शन-पूजन के बाद सोमवार को रात 11 बजे तीर्थ के आखिरी पड़ाव अयोध्या में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे।
चालक ने बस को नया पुल के नीचे खड़ा कर दिया। इसके बाद कुछ लोग बस की छत पर तो कुछ लोग सड़क व पुल के आसपास जमीन पर डेरा जमा सो गए। इसमें छह लोग हाईवे के अयोध्या मोड़ साकेत पेट्रोल पंप के पास तिकोने डिवाइडर पर सो रहे थे।
बताते हैं कि भोर करीब पौने चार बजे अचानक तेज रफ्तार ट्रक हाईवे पर मोड़ते वक्त बेकाबू हो गया। ट्रक डिवाइडर पर सो रहे श्रद्धालुओं को रौंदते हुए आगे निकल गया।
सभी लोग रहे थे तड़प
चीख-पुकार सुन साथी श्रद्धालुओं समेत आसपास के लोग दौड़े, पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर छह लोग ट्रक की चपेट में आकर तड़प रहे थे। गंभीर हालत में सम्मनपुर के दहतपुर गांव निवासी संगीता पत्नी आशाराम (38) को जैसे ही अयोध्या के श्रीराम अस्पताल ले जाया गया, कुछ ही पलों में मौत हो गई।
जबकि फैजाबाद जिला अस्पताल रेफर किए गए इंदर यादव पुत्र पुद्दन (40) निवासी पेठिया अमौली मोइनुद्दीनपुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसी गांव की लीलावती पत्नी कमलेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि जिला अस्पताल से सम्मनरपुर के निनकू यादव को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है।
श्रीराम अस्पताल में सम्मनपुर के गंगाराम कन्नौजिया व सरोजा देवी को भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल में अफरातफरी मच गई, जबकि सूचना पर आए परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल था।
कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक गोंडा की तरफ से आ रहा था, इसमें गिट्टी लदी थी। पिकेट पर तैनात पुलिस कर्मियों की सूचना पर ट्रक को पुलिस ने घेर लिया, इस बीच चालक ट्रक छोड़ भाग गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
हादसे के बाद मौके पहुंचे कोतवाल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 नंबर डायल कर एंबुलेंस को बुलाने का प्रयास किया लेकिन फोन नहीं उठा। कोतवाल ने बताया कि एंबुलेंस न आने पर उन्होंने किसी तरह पुलिस जीप और टैंपो में लादकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।