लखनऊ के एक दरोगा द्वारा जीपीओ पर बैठकर टाइप करने वाले एक बुजुर्ग का टाइप राइटर तोड़ दिया गया था। सोशल मीडिया में ये तस्वीरें वायरल होते ही इस बुजुर्ग की जिंदगी अब पूरी तरह से बदल गई है। नया टाइप राइटर और एक लाख कि मदद मिलने के बाद अब एक सरकारी जीप बुजुर्ग कृष्ण कुमार को सुबह और शाम पिक और ड्रॉप करेगी।
दरअसल बुजुर्ग को एक इंटरनेट नंबर से धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने यह फैसला लिया है। सोमवार को कृष्ण कुमार को इंटरनेट कॉल से धमकी मिली थी कि वह संभल जाए। इसके बाद से पुलिस इस मामले में सक्रिय हो गई।
मंगलवार सुबह पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा कर जीपीओ तक ले गई। अब रोज पुलिस दिनभर उनका ध्यान रखेगी और शाम को फिर घर तक छोड़ेगी। दिन में भी उनके फोन पर किसके फोन आ रहे हैं इस बात का ध्यान रखेगी।
आपाके मालूम ही होगा कि शनिवार को दरोगा प्रदीप कुमार ने कृष्णकुमार का टाइपराइटर तोड़ दिया था। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में देखते ही देखते वायरल हो गईं थीं। इसके बाद यह पूरा मामला सीएम अखिलेश यादव के संज्ञान में आया था।
सीएम ने बुजुर्ग को नया टाइपराइटर दिलाया था। एसएसपी-डीएम ने माफी मांगी थी। इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया जा चुका है। बावजूद इसके सोमवार को उन्हें धमकी मिली थी।