गुडंबा। मिश्रपुर इलाके में मंगलवार दोपहर सड़क पार कर रहे ट्रक चालक मंसाराम (45) की तेज रफ्तार पिकअप से टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल मंसाराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर भाग गया।
इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा के मुताबिक बाराबंकी के फतेहपुर धरौली गांव निवासी मंसाराम के साले रोहित ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे मंसाराम ट्रक में लकड़ी लादकर मिश्रपुर के पास उतारने आए थे। ट्रक खड़ा कर वह एटीएम से रुपये निकालने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और उनके मोबाइल फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंसाराम के परिवार में पत्नी मालती, तीन बेटियां और एक बेटा है।