बख्शी का तालाब। इटौंजा के महोना कस्बे से सामान खरीदकर मंगलवार को साइकिल से घर लौट रहे बालक को गन्ना लदे ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद बच्चे के परिजनों को मुआवजा और इटौंजा इंस्पेक्टर व महोना चौकी प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। बाद में आश्वासन मिलने पर माने और पुलिस ने शव पोस्टामार्टम के लिए भेजा। बालक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
महोना वार्ड-10 पकरिया मोहल्ला निवासी राजगीर मोहित वर्मा का 12 साल का बेटा अंंश महोना सरकारी स्कूल में कक्षा- 4 का छात्र था। वह करीब डेढ़ बजे कस्बा स्थित बाजार से घर का सामान खरीदकर साइकिल से लौट रहा था। इटौंजा से कुर्सी जा रहे गन्ना लदे ट्रक की टक्कर से वह सड़क पर गिर गया। फिर ट्रक के तीनों पहिए उसके ऊपर से गुजर गए। स्थानीय दुकानदारों ने दौड़ाकर ट्रक को महोना चौकी के पास पकड़ लिया और चालक अतीक को पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसे की खबर पाकर परिजन और ग्रामीण जमा हो गए। इटौंजा-कुर्सी रोड पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। पांच लाख रुपया मुआवजा और इटौंजा इंस्पेक्टर व महोना चौकी प्रभारी को हटाने की मांग करने लगे। ट्रक चालक के चौकी में होने की जानकारी पर भीड़ और आक्रोशित हो उठी। आरोपी को परिजनों के हवाले करने की मांग करते हुए चौकी पहुंची गई।
इटौंजा प्रभारी निरीक्षक के न होने पर ट्रेनी आईपीएस अनुष्का ने पुलिस टीम के साथ मिलकर भीड़ को किसी तरह संभाला। खबर पाकर बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला भी पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तीन घंटे के बाद किसी तरह प्रदर्शन खत्म हुआ।
बेटे का शव देखकर बेहोश हो गईं मां
अंश की मौत की खबर जब घर पहुंची तो रोना-पीटना मच गया। मां किरन छोटे बेटे वंश और दो माह की बच्ची अंशिका को गोद में लेकर मौके पर पहुंचीं। सड़क पर बेटे का शव देखते ही वह चीख मारकर गिरीं और बेहोश हो गईं। परिजनों ने किसी तरह उनको संभाला।
इटौंजा-कुर्सी रोड के दोनों किनारों पर अतिक्रमण
महोना कस्बा में इटौंजा-कुर्सी रोड के दोनों किनारों पर अतिक्रमण है। पटरी पर दुकानों और अवैध अतिक्रमण से आवागमन में भारी समस्या आती है। यह बात स्थानीय लोगों ने विधायक योगेश शुक्ला, एसडीएम बीकेटी सतीश चंद्र त्रिपाठी, महोना व इटौंजा चेयरमैन के सामने रखी। जिम्मेदारों ने अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया।