लखनऊ। शहर के एक थाने में तैनात महिला सिपाही ने अमरोहा निवासी परिचित सत्वंत की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या की थी। बृहस्पतिवार को सिपाही के पिता की तहरीर पर गाजीपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया है। आरोपी सत्वंत अर्धसैनिक बल में सिपाही है और आईटीबीपी में तैनात है।
महिला सिपाही के पिता के मुताबिक, वर्ष 2019 में उनकी बेटी का चयन सिपाही के पद पर हुआ था। बेटी गाजीपुर इलाके में किराये के कमरे में रहती थी। गत 27 मई को सुबह बेटी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसकी जानकारी उन्हें बेटी की सहेली ने दी थी। लखनऊ पहुंचे पिता शव लेकर अमरोहा चले गए थे।
व्हाट्सएप चैट पर हुई थीं बातें
पिता ने बताया कि बेटी के अंतिम संस्कार के बाद छानबीन करने के दौरान उसके व्हाट्सएप पर अमरोहा निवासी सत्वंत के कई मेसेज पड़े मिले। जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी की काफी समय से बेटी से बात हो रही थी। बेटी के घर उसका आना-जाना था। सत्वंत ने उसका शारीरिक व आर्थिक शोषण किया था। आरोपी बेटी से 12.40 लाख रुपये ऐंठ चुका था। इसके बाद भी उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
घटना के दिन 60 बार की थी कॉल
घटना के दिन सत्वंत ने महिला सिपाही को 60 बार फोन भी किया था, जिसका रिकॉर्ड उसके मोबाइल में था। पिता ने सत्वंत की शिकायत गाजीपुर पुलिस से की। इंस्पेक्टर गाजीपुर विकास राय ने बताया कि महिला सिपाही के पिता को बयान के लिए बुलाया गया है। बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।