रायबरेली। ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं हो रही है। ऊपर से ट्रेनों को एक-दूसरे के इंतजार में देर तक रोकना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में यात्रियों को परेशानी हो रही है। रविवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंतजार में त्रिवेणी एक्सप्रेस 25 मिनट तक खड़ी रही। दूसरी तरफ किसान आंदोलन की वजह से पंजाब मेल सवा तीन घंटे विलंब से आई। दूसरी कई ट्रेनों ने भी यात्रियों को काफी इंतजार कराया।
टनकपुर से शक्ति नगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस महज पांच मिनट की देरी से रायबरेली स्टेशन पहुंच गई, लेकिन इसे 25 मिनट तक रोका गया। इससे लेटलतीफी बढ़कर आधे घंटे हो गई। इस ट्रेन को इसलिए रोका गया क्योंकि प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन ऊंचाहार की ओर से आ रही थी।
इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से रायबरेली पहुंची तो त्रिवेणी एक्सप्रेस को रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन कुमार ने बताया कि इंटरसिटी एक्सप्रेस के आने के कारण त्रिवेणी एक्सप्रेस खड़ी रही। इंटरसिटी एक्सप्रेस आई तो एक मालगाड़ी भी रवाना की गई, फिर त्रिवेणी एक्सप्रेस को चलाया गया।
उधर, किसान आंदोलन की वजह से प्रभावित चल रही पंजाब मेल की समय सारिणी में कोई सुधार नहीं हो रहा है। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल सवा तीन घंटे विलंब से आई। चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस और सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस पौने दो घंटे देर से पहुंची।
दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस और देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल आधे घंटे विलंब से आई। स्टेशन अधीक्षक का कहना है कि ये सभी गाड़ियां पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण विलंब से आई हैं।