लखनऊ में मड़ियांव इलाके में ट्यूशन टीचर प्रांशु वर्मा ने मकान मालिक की नेत्रहीन बेटी से दुराचार की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए तो आरोपी भाग निकला। साथ में पढ़ने वाली दूसरी बच्ची ने भी आरोपी की करतूत बताई है। पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मड़ियांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मड़ियांव इलाके में रहने वाले एक दुकानदार के दो घर हैं। एक में परिवार संग रहते हैं, जबकि दूसरे घर को सीतापुर के थाना तालगांव सि्थत खैरुल्लापुर निवासी प्रांशु वर्मा उर्फ राहुल को एक साल से किराये पर दे रखा है। प्रांशु घर पर ही कोचिंग पढ़ाता है। दुकानदार के अनुसार, उनकी नौ साल की बेटी नेत्रहीन है और चार माह से प्रांशु से पढ़ रही थी। पड़ोसी की आठ साल की बच्ची भी पढ़ने जाती थी।
मंगलवार को प्रांशु ने दुकानदार की बेटी से दुराचार की कोशिश की। डरी-सहमी बच्ची ने शोर मचाया तो आरोपी भाग निकला। शोर होने पर दुकानदार और आसपास के लोग जमा हो गए। बच्ची ने आपबीती बताई तो लोग दंग रह गए। इसके अलावा साथ में पढ़ने वाली दूसरी बच्ची ने बताया कि सोमवार को प्रांशु ने उसे छूते हुए गलत हरकत की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
परिवार की तरह मानते थे आरोपी को
दुकानदार ने बताया कि प्रांशु को घर के सदस्य की तरह मानते थे। अक्सर खाना बनाकर दे देते थे। यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि कोई शिक्षक ऐसा भी कर सकता है। आरोपी की इस हरकत से बेटी बहुत डरी हुई है।