लखनऊ। काल्विन तालुक्केदार्स कॉलेज परिसर में शनिवार को राजा मनकापुरा आनंद सिंह के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंध समिति के सदस्य मनीष वर्धन ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राजा आनंद सिंह ने हमेशा काल्विन कॉलेज की बेहतरी के लिए कार्य किया।
उन्होंने कॉलेज में नवाचार के लिए शूटिंग रेंज, क्रिकेट एकेडमी, टेनिस कोर्ट, घुड़सवारी ग्राउंड शुरू कराया। वह ब्रिटिश इंडियन एसोसिएशन के अध्यक्ष तो थे ही, इसके साथ भारत के प्रमुख राजनीतिज्ञों में एक थे, इसके बावजूद कॉलेज उनकी प्राथमिकता में था। प्रबंध समिति के सदस्य सरेश्वरी लाल ने कहा कि राजा आनंद सिंह कर्मयोगी थे। इस मौके पर पूर्व न्यायाधीश एसएन टंडन, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, विशुधेंद्र सिंह, विवेक सेठ, सच्चिदानंद सिंह, अनुपमा सिंह आदि उपस्थित रहे। (संवाद)