आरएसएस के सह सरकार्यवाह कृष्णगोपाल ने कहा कि कल्याण सिंह जैसे महान लोग अपने पीछे एक लंबी रेखा छोड़कर जाते हैं। उससे दूर तक प्रकाश रहता है। उस प्रकाश में अपनी प्रगति का मार्ग खोजना चाहिए। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने विपन्न को संपन्न बनाने और दूर पिछड़ गए लोगों को उठाने को जो संकल्प है उसे पूरा करना चाहिए, यही उनके प्रति श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने गांव, गरीब और किसान के दुख को अपनी पैदाइश से समझा था।
छोटे का बड़ा बनना महानता होती है : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीज का वृक्ष बनना उसकी उन्नति होती है और छोटे का बड़ा बनना महानता होती है। उन्होंने कहा कि दुनिया में राजनीति की स्वच्छता, पारदर्शिता, मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति दृढ़ता एवं समर्पण का भाव जब तक लोकतंत्र में मौजूद रहेगा तब तक कल्याण सिंह के बारे में श्रद्धा और सम्मान का भाव बना रहेगा।
कल्याण सिंह महान नेता थे : स्वतंत्र देव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह महान नेता थे। कल्याण सिंह सुबह की चाय स्वयं बनाते थे और पूरे स्टाफ को भी पिलाते थे। कल्याण सिंह किसानों और गरीबों पर बहुत ध्यान देते थे। उनका मानना था कि योगी सरकार ने दलितों, पिछड़ों को संभाल लिया है राज्य सुरक्षित है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में देश सुरक्षित है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कल्याण सिंह सच्चे देशभक्त और रामभक्त थे। राम मंदिर निर्माण सहित राष्ट्र व समाज के लिए उन्होंने जो भी सपना देखा था उसे अवश्य पूरा करने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि कोई एक जन्म में एक जन्म का काम करता है, लेकिन कल्याण सिंह ने एक जन्म में हजार जन्म का काम किया।
सिद्धांतों से समझौता नहीं करते थे कल्याण : दिनेश शर्मा
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कल्याण सिंह सिद्धांतों से समझौता नहीं करते थे। अलीगढ़ में नकल विहीन परीक्षा को लेकर उन्होंने कहा था कि अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी धाराएं लगाई जाएं। बैठक को केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय, भाजपा सांसद डॉ. अनिल जैन सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।
अधिवक्ता कल्याण एक्ट लागू कराया : सतीश मिश्रा
बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि कल्याण सिंह निर्णय लेने में देरी नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता कल्याण निधि उनके कार्यकाल में ही लागू की गई थी।