लखनऊ। छठ पर्व मनाने के बाद बिहार व पूर्वांचल के जिलों से लखनऊ लौटने वालों का सिलसिला शनिवार से शुरू हो जाएगा। बिहार के गया, दरभंगा, छपरा, सिवान व पूर्वांचल से लखनऊ आने वाली ट्रेनें फुल हैं। लंबी वेटिंग से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रोडवेज की ओर से चलाई जा रहीं 125 अतिरिक्त बसें पूर्वांचल से आने वाले यात्रियों को राहत दे रही हैं।
छठ पर्व मनाने के लिए लखनऊ से बिहार व पूर्वांचल के जिलों को बड़ी संख्या में लोग जाते हैं। त्योहार मनाने के बाद बिहार से आने वाले यात्री शनिवार से लौटने लगेंगे। ऐसे में ट्रेनों में भीड़ रहेगी, जिसके लिए चारबाग व लखनऊ जंक्शन पर अतिरिक्त जीआपी, आरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दरभंगा से लखनऊ आने वाली बिहार संपर्कक्रांति में नौ, 10 व 11 को स्लीपर व थर्ड एसी में क्रमशः 53, 67, 46 व 37, 36, 20 वेटिंग, डिब्रूगढ़ नई दिल्ली एक्सप्रेस में उक्त श्रेणियों में 66, 133, 83 एवं 46, 63, 48 वेटिंग चल रही है। सिवान से लखनऊ आने वाली बाघ एक्सप्रेस की स्लीपर में उपरोक्त तारीखों पर 122, 33, 72 एवं थर्ड एसी में 44, 42, 28 वेटिंग चल रही है।
क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि विभाग की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए 125 अतिरिक्त बसें लखनऊ के चारबाग, अवध, आलमबाग व कैसरबाग बस अड्डे से चलाई जा रही हैं। इससे 65 हजार यात्रियों को राहत मिली है। अब छठ के बाद लौटने वाले यात्रियों को भी ये बसें सहूलियत देंगी।
लखनऊ से पटना, गया व दरभंगा के लिए सीधी उड़ानें नहीं मिल रही हैं। कनेक्टिंग फ्लाइटें हैं, जिनका किराया काफी महंगा है। पटना से लखनऊ की इंडिगो की उड़ान का किराया 25,370 रुपये, विस्तारा का 22,891 रुपये, एयर इंडिया का 18,351 रुपये पहुंच गया है। गया से लखनऊ का इंडिगो का किराया 20,498 रुपये एवं दरभंगा से लखनऊ का इंडिगो का टिकट 32,980 रुपये पहुंच गया है।