लखनऊ। केजीएमयू में अंग प्रत्यारोपण के लिए समर्पित अलग ऑपरेशन थियेटर (ओटी) बनेगा। इसके लिए संस्थान में ट्रांसप्लांट ओटी परिसर का निर्माण किया जाएगा। केजीएमयू प्रशासन ने शासन के पास इसका प्रस्ताव भेजा है।
केजीएमयू के प्रस्ताव के मुताबिक, ओटी परिसर के निर्माण पर करीब 20 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। इसके लिए केजीएमयू प्रशासन ने 1.15 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए हैं। केजीएमयू में इस समय लिवर, किडनी और काॅर्निया प्रत्यारोपण हो रहा है। प्लास्टिक सर्जरी विभाग में हाथ और त्वचा प्रत्यारोपण की प्रक्रिया भी चल रही है। ऐसा होने पर प्रत्यारोपण की संख्या और बढ़ जाएगी। सामान्य ओटी में इनका प्रत्यारोपण संक्रमण की वजह बन सकता है। इसे देखते हुए ओटी परिसर तैयार करने की योजना बनाई गई है।