सरोजनीनगर। बिजनौर में सोमवार सुबह कार सवार किन्नरों ने दो महिलाओं से जेवर लूट लिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की मदद से 24 घंटे में दो किन्नरों और कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उनका एक साथी अभी पकड़ा नहीं गया है। आरोपियों के पास मंगलसूत्र, बाली और घटना में इस्तेमाल कार बरामद हुई है।
डीसीपी साउथ अमित आनंद ने बताया कि बिजनौर की आनंद विहार कॉलोनी निवासी विभा यादव चार मई की सुबह छह बजे टहलकर घर लौट रही थीं। जायसवाल बर्तन भंडार के पास एक कार रुकी, जिसमें से किन्नर उतरी। उसने पहले आसपास शादी होने की जानकारी ली, फिर 100 रुपये मांगे। पैसे न होने की बात कहने पर आरेपी ने गले से मंगलसूत्र और कान की बालियां झपट्टा मारकर लूट लीं। इसके बाद आरोपी कार में बैठकर विनायक अस्पताल की ओर भाग गए। इसी तरह गढ़ी मोहल्ला निवासी ममता के साथ भी लूट की वारदात हुई। विभा की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी पकड़े गए
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसकी मदद से आरोपियों की कार का नंबर मिल गया। मंगलवार को बिजनौर पुलिस ने अलीनगर खुर्द अंडरपास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें कृष्णानगर निवासी रानी किन्नर, कानपुर निवासी कम्मो और कार चालक सआदतगंज निवासी रफीक अहमद शामिल हैं। पूछताछ में उन्नाव निवासी अन्नू का नाम भी सामने आया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पकड़े गए लूट के आरोपी।
पकड़े गए लूट के आरोपी।