लखनऊ। अर्जुनगंज में रविवार को बिल्डर के अपार्टमेंट का सुबह 8:30 बजे ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जिससे 100 से ज्यादा आवंटियों के फ्लैट व लिफ्ट आदि की बत्ती गुल है। आवंटियों ने खराब ट्रांसफार्मर को सही करने के लिए अर्जुनगंज उपकेंद्र पर हंगामा कर लेसा से ट्रांसफार्मर की खराबी को दूर करने का दबाव बनाया। जबकि, इस ट्रांसफार्मर की खराबी को दूर करने का जिम्मा अपार्टमेंट की सोसाइटी का था।
लेसा के जिम्मेदार ट्राॅली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली को चालू करने पर राजी थे, मगर आवंटी ट्राॅली को किराया तक देने का तैयार नहीं थे। इससे शाम 7:30 बजे तक करीब 11 घंटे तक आवंटियों को बिजली संकट से जूझना पड़ा।
लेसा के जिम्मेदारों ने बताया कि बिल्डर ने अपार्टमेंट परिसर में खुद ही अपने खर्चे पर बिजली तंत्र को विकसित किया था। इसलिए खराब ट्रांसफार्मर को ठीक करने व बदलने जिम्मा बिल्डर या फिर आवंटियों की सोसाइटी का था। सोसाइटी ने अपनी जिम्मेदारी को निभाने के बजाय हाथ खड़े कर लिए, हालांकि बाद में उसने ही ट्रांसफार्मर की खराबी को दूर कर बिजली आपूर्ति को सामान्य किया। ट्रांसफार्मर खराब होने से अपार्टमेंट के परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।