डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के एमबीबीएस के छात्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात होकर कम्युनिटी मेडिसिन का अनुभव लेने का मौका मिलेगा। संस्थान ने इसके लिए सीएमओ से दो स्थानों पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए स्थान मांगा है। इनमें गोमतीनगर का उजरियांव और इंदिरानगर का जुग्गौर शामिल है।
लोहिया संस्थान के निदेशक डॉ. एके सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र होने की वजह से विद्यार्थियों को उसका अनुभव भी मिल पाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट को कम्युनिटी मेडिसिन विभाग ही देखेगा। इसके लिए सीएमओ स्तर पर जमीन अधिग्रहण की बात चल रही है। इन दोनों स्थानों पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोहिया संस्थान की ओर से ही संचालित होगा। इसका फायदा मरीजों को तो मिलेगा ही, साथ ही स्टूडेंट्स को भी प्रशिक्षण मिल पाएगा।
सीएमओ ऑफिस देगा डॉक्टर, संस्थान उठाएगा वेतन का खर्च
सीएमओ डॉ. संजय भटनार ने बताया कि गोमतीनगर के उजरियांव और इंदिरानगर के जुग्गौर में दो जगहों पर पीएचसी देने की प्रक्रिया चल रही है। संस्थान को ये दोनों पीएचसी अगले 30 साल के लिए देने की योजना है। यहां डॉक्टर की तैनाती सीएमओ कार्यालय की ओर से की जाएगी, वहीं उनका वेतन संस्थान की ओर से दिया जाएगा।