लखनऊ। विभिन्न जिलों के एनसीसी, स्काउट गाइड और एनएसएस छात्रों को दी जा रही सड़क सुरक्षा की दो दिवसीय ट्रेनिंग बुधवार को पूरी हो गई। इस दौरान हादसों की वजह, उन्हें रोकने के उपायों के साथ लोगों को जागरूक करने की जानकारी दी गई। अब ये युवा सड़कों पर उतरकर जागरूक करेंगे। ये लोगों से यातायात के नियमों का पालन करवाएंगे और सड़क सुरक्षा के अग्रदूत बनेंगे।
परिवहन विभाग की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सड़क सुरक्षा संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का बुधवार को उत्साह, सीख और जागरूकता के संदेश के साथ समापन हुआ। एआरटीओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक जिले से चार प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित किया गया। ये युवा अब अपने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एंबेसडर के रूप में काम करेंगे।
कॉलेज ऑफ ट्रैफिक मैनेजमेंट फॉरेंसिक साइंस की असिस्टेंट प्रो. श्रेया अरोड़ा ने समझाया की फोरेंसिक टीम मौके पर कैसे साक्ष्य जुटाती है। डॉ. तुलसीराम गुप्ता ने चोट की पहचान व चिकित्सकीय मदद की जानकारी दी। हादसे के एक घंटे के अंदर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की बात बताई। सद्भावना रखने वाले मददगार से जुड़े नियम भी बताए गए। इसमें स्पष्ट किया गया कि दुर्घटना पीड़ित की मदद करने वाले को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी नहीं होगी।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में परिवहन आयुक्त किंजल सिंह, अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) संजय सिंह, अपर परिवहन आयुक्त (राजस्व) आरके विश्वकर्मा, मयंक ज्योति, राधे श्याम, आरटीओ लखनऊ जोन संजय तिवारी आदि मौजूद रहे।