माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। प्रयागराज से सहारनपुर जा रही नौचंदी एक्सप्रेस की कई बोगियों में एसी काम नहीं करने से यात्रियों का सफ़र मुहाल हो गया। यात्रियों ने रेल मदद एप पर शिकायत दर्ज करायी। ट्रेन के लखनऊ पहुंचने तक समस्या बनी रही।
बुधवार शाम जब नौचंदी एक्सप्रेस प्रयागराज से लखनऊ की ओर रवाना हुई तो इसकी एसी सेकेंड बोगी में कूलिंग ठप हो गई। यात्री गोपाल शर्मा ने कहा कि ट्रेन में किसी भी बोगी का एसी काम नहीं कर रहा था। एसएचई 00501 भारत गौरव स्पेशल ट्रेन की थर्ड एसी बोगी बी-2 में कूलिंग ठप रही। नई दिल्ली से लखनऊ आ रही गोमती एक्सप्रेस की एसी चेयरकार बोगी सी-2 में पानी खत्म होने से यात्री परेशान हुए। यात्री सचिन कुमार राव ने रेलवे से शिकायत दर्ज करते हुए पानी भरने की अपील की। इसी क्रम में पुष्पक एक्सप्रेस के बाद अब लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस में भी एक बोगी में सीट नहीं होने का मामला सामने आया है। जितेंद्र कुमार जनरल बोगी में सफर कर रहे थे। वह जिस सीट पर बैठे, उसके ऊपर व सामने सीटें ही नहीं थी। कुशीनगर एक्सप्रेस से सफर कर रही एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट का आरोप उनके पोते अनंत त्रिवेदी ने टीटीई आदिल पर लगाया है। रेलवे ने उनकी शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।