मुंबई जाने वाले यात्रियों को रेलवे प्रशासन नई साप्ताहिक गाड़ी का तोहफा देने जा रहा है। बांद्रा टर्मिनस और गोरखपुर के बीच 22921/22922 अन्त्योदय एक्सप्रेस का संचालन बांद्रा से हर रविवार को अब नियमित रूप से 20 अगस्त से शुरू हो जाएगा।
वहीं गोरखपुर से 22 अगस्त से इसकी वापसी हर मंगलवार को होगी। पूर्वोत्तर रेलवे मध्यम वर्ग के मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए 02921 बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर के लिए 20 अगस्त से नियमित रूप से संचालन शुरू करने जा रहा है।
बांद्रा टर्मिनस से ट्रेन सुबह 5:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन बोरीवली, सूरत, बड़ोदरा, रतलाम, कोटा, भरतपुर, मथुरा, कासगंज, कानपुर सेंट्रल होते हुये अगले दिन सुबह 10:10 बजे लखनऊ स्टेशन पहुंच कर यहां से 15 मिनट बाद रवाना होगी।
गोंडा, नौगढ़ होकर ट्रेन शाम 5:35 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन गोरखपुर स्टेशन से 22 अगस्त से हर मंगलवार सुबह 3:15 बजे रवाना होगी। जो चारबाग स्टेशन सुबह 10:05 बजे पहुंचेगी।
साधारण कोच की ट्रेन में खास सुविधाएं
साधारण कोच की इस ट्रेन में मोबाइल और लैपटॉप के लिए चार्जिंग पोर्ट लगाए गए हैं। इसके अलावा बायो टॉयलेट के अलावा बोगी के अंदर की खूबसूरती का भी ध्यान रखा गया है।
ट्रेन के बाहरी स्वरूप को भी निखारने के लिये विनायल शीट का इस्तेमाल किया गया है। कोच के अंदर ही मिनरल वाटर के लिये अक्वागार्ड वेन्डिंग मशीन की भी व्यवस्था की गई है। कोच के अंदर कपड़ों के लिए हैंगर भी लगाए गए हैं।
लोहित व अमरनाथ में लगेगा स्थाई तौर पर एसी कोच
गुवाहाटी से जम्मूतवी जाने वाली लोहित एक्सप्रेस और अमरनाथ एक्सप्रेस में एक स्लीपर और एक जनरल के स्थान पर तृतीय श्रेणी का अतिरिक्त एसी कोच स्थाई रूप से लगाया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ संजय यादव ने बताया कि 15651/15652 गुवाहाटी-जम्मूतवी-गुहावाटी लोहित एक्सप्रेस में एसी थर्ड का एक अतिरिक्त कोच गुवाहाटी से 11 दिसंबर से और जम्मूतवी से 13 दिसंबर से स्थाई रूप से लगाने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 15653/15654 गुवाहाटी-जम्मूतवी-गुवाहाटी अमरनाथ एक्सप्रेस में एसी थर्ड का एक अतिरिक्त गुवाहाटी से 13 दिसंबर तथा जम्मूतवी से 15 दिसंबर से स्थाई रूप से लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15622/15621 कामाख्या-आनंद बिहार टर्मिनस-कामाख्या एक्सप्रेस में एसी सेकंड का एक अतिरिक्त कोच कामाख्या से तथा आनंद विहार टर्मिनस से तत्काल प्रभाव से स्थाई रूप से लगाया जा चुका है।