लखनऊ। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर बुधवार को केकेसी के पास उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कार्यक्रम होगा। इसे देखते हुए सुबह छह बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक यातायात में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है।
चारबाग से केकेसी तिराहे की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। यह गुप्ता तिराहा से बासमंडी होते हुए जा सकेगा। राणा प्रताप चौराहे से यातायात केकेसी तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह बासमंडी होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा। केकेसी तिराहे से लोको चौराहा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। केकेसी पेट्रोल पंप से यू-टर्न लेकर मवैया के रास्ते जा सकेंगे।
रेलवे ब्रिज के निर्माण के चलते आज से छह महीने तक डायवर्जन
ग्वारी क्रॉसिंग पर रेलवे ब्रिज का निर्माण होना है। इसके लिए छह माह (25 सितंबर से 30 मार्च 2025) के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। पत्रकारपुरम चौराहे की ओर से ग्वारी क्रॉसिंग चौराहे की तरफ जाने वाला यातायात ग्वारी चौराहे से बाएं ओवरब्रिज चढ़कर या ग्वारी चौराहे से दाएं दयाल पैराडाइज चौराहे से बाएं होकर जा सकेगा। हुसड़िया चौराहे की तरफ से आने वाला यातायात (जो ग्वारी होते हुए जनेश्वर पार्क की ओर जाता है) वह ग्वारी चौराहे से बाएं ओवरब्रिज होते हुए जा सकेगा। लक्ष्मी मार्केट गोमतीनगर विस्तार की तरफ से आना वाला यातायात ग्वारी क्रॉसिंग चौराहे से बाएं जनेश्वर पार्क के गेट नंबर एक व दो से होते हुए जा सकेगा। इसके अलावा सीएमएस विशाल खंड गोमतीनगर की तरफ से जो यातायात ग्वारी क्रॉसिंग होते हुए लक्ष्मी मार्केट जाना चाहता है, वह दयाल पैराडाइज चौराहे से दाएं मुड़कर जनेश्वर पार्क के गेट नंबर एक और दो से होते हुए जा सकेगा।